किसानों से 31 मई तक होगा चना, मसूर और सरसों का उपार्जन

April 30, 2024 | by janmatnews.co.in


जबलपुर…जिले के किसानों से रबी विपणन वर्ष 2023-24 में प्राइस सपोर्ट स्कीम के अंतर्गत चना, मसूर एवं सरसों का उपार्जन आठ केंद्रों पर किया जा रहा है। चना, मसूर और सरसों के उपार्जन का कार्य 26 मार्च से प्रारंभ किया गया था और यह 31 मई तक जारी रहेगा।
उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास रवि आम्रवंशी के अनुसार किसानों से प्राइस स्पोर्ट स्कीम के तहत चना, मसूर और सरसों के उपार्जन हेतु जिले में आठ खरीदी केन्द्र स्थापित किये गये हैं। ये केंद्र जबलपुर विकासखण्ड में कृषि उपज मंडी जबलपुर, कुंडम में ग्राम टिकरिया, पनागर में ग्राम हथना, पाटन में ग्राम बिनेकी, मझौली में ग्राम मोहनिया और गौरहा, शहपुरा में एसएमजेटी वेयर हाउस तथा सिहोरा विकासखण्ड में पहरेवा नाका में स्थापित किये गये हैं।
उपसंचालक श्री आम्रवंशी ने बताया कि जिले में चना उपार्जन के लिये 5 हजार 750, मसूर के लिये 979 एवं सरसों के उपार्जन हेतु 338 कृषकों द्वारा पंजीयन कराया गया है। शासन द्वारा चना 5 हजार 440 रुपये प्रति क्विंटल मसूर 6 हजार 425 रुपये प्रति क्विंटल एवं सरसों 5 हजार 650 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य घोषित किया गया है।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास के मुताबिक जिले के सभी आठ उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की सुविधा को देखते हुये शुद्ध पेयजल, छायादार बैठने के स्थान, सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि वे उपार्जन केन्द्रों या कियोस्क अथवा स्वयं द्वारा अपनी सुविधानुसार स्लॉट बुक कर अपनी उपज का विक्रय शासकीय उपार्जन केन्द्रों पर करें।

RELATED POSTS

View all

view all