80 वर्षीय वृद्धा से कलेक्टर ने पूछा: “अम्मा..कैसे आना हुआ…”

October 16, 2025 | by janmatnews.co.in

      कलेक्टर ने खुद वृद्धा के पास पहुंचकर सुनीं समस्या

                 तहसीलदार को कार्रवाई के दिए निर्देश

कटनी …… कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील कार्यालय का बुधवार को निरीक्षण करने पहुँचे कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। निरीक्षण के दौरान, कलेक्टर की नज़र तहसील प्रांगण में झुकी कमर के साथ आ रही करीब 80 वर्षीय वृद्धा पर पड़ी। जिस पर कलेक्टर श्री तिवारी स्वयं चलकर वृद्धा के पास जा पहुँचे और आत्मीयता से पूछा, “अम्मा…कैसे आना हुआ….?” वृद्धा की पहचान ग्राम झिन्ना पिपरिया निवासी सखिया बाई पति बख्तू यादव के रूप में हुई। अपनी समस्या बताते हुए वृद्धा ने कलेक्टर को जानकारी दी कि वह अस्वस्थ हैं और उनकी जमीन पर कुछ व्यक्तियों ने अवैध कब्जा कर लिया है, जिसके निराकरण के लिए वह इतनी तकलीफ उठाकर तहसील आई हैं।

                                                  वृद्धा की समस्या और उनकी स्थिति को देखते हुए, कलेक्टर श्री तिवारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार नितिन पटेल को निर्देशित किया कि वह कल, शुक्रवार को ही ग्राम झिन्ना पिपरिया पहुँचकर मामले का त्वरित निराकरण करें।

 

इसके साथ ही, कलेक्टर ने वृद्धा सखिया बाई के अस्वस्थ होने की जानकारी पर संज्ञान लेते हुए, एसडीएम ढीमरखेड़ा निधि सिंह गोहल को वृद्धा का समुचित स्वास्थ्य उपचार सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया।

                                                  कलेक्टर द्वारा स्वयं वृद्ध महिला के पास जाकर समस्या सुनना और त्वरित कार्रवाई के निर्देश देना, जिला प्रशासन की संवेदनशीलता को प्रदर्शित करता है।

RELATED POSTS

View all

view all