आचार्य श्री विद्यासागर के नाम पर हो ट्रेन, सिहोरा में ट्रेनों का स्‍टॉपेज बढ़ाने की जरूरत

December 18, 2025 | by janmatnews.co.in

रेल मंत्री श्री वैष्‍णव से सांसद  ने किया आग्रह

जबलपुर….. संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री आशीष दुबे ने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्‍णव जी से जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्‍सप्रेस ट्रेन का नामकरण आचार्य श्री विद्यासागर इंटरसिटी ट्रेन या मूकमाटी इंटरसिटी एक्‍सप्रेस ट्रेन किये जाने और पश्चिम मध्‍य रेल्‍वे के सिहोरा स्थित सिहोरा रोड रेल्‍वे स्‍टेशन पर कुछ ट्रेनों का स्‍टॉपेज प्रारंभ किये जाने का आग्रह किया है। सांसद श्री आशीष दुबे ने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्‍णव जी से नई दिल्‍ली में भेंट कर इस आशय से संबंधित पत्र भी उन्‍हें सौंपे और तथ्‍यात्‍मक चर्चा की।
सांसद श्री दुबे ने रेल मंत्री श्री वैष्‍णव से भेंट के दौरान हुई चर्चा में बताया कि जबलपुर संसदीय क्षेत्र के जैन समाज एवं क्षेत्रवासियों का अनुरोध है कि जबलपुर से विगत दिनों प्रारंभ हुई ट्रेन संख्‍या 11720 जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी ट्रेन का नामकरण आचार्य श्री विद्यासागर जी के नाम पर या उनकी विशिष्‍ट साहित्‍य रचना मूकमाटी के नाम पर मूकमाटी इंटरसिटी एक्‍सप्रेस किया जाये। उन्‍होंने कहा कि पूज्‍य आचार्य श्री विद्यासागर जी की स्‍मृति को जीवंत बनाये रखने अगर यह कदम उठाया जाता है तो यही आचार्य श्री को सच्‍ची श्रद्धांजली होगी।
सांसद श्री दुबे ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव को यह भी बताया कि जबलपुर संसदीय क्षेत्र में सिहोरा रोड रेल्‍वे स्‍टेशन एक प्रमुख स्‍टेशन है और वहां शहडोल नागपुर एक्‍सप्रेस (11202/11201) और रीवा-इतवारी एक्‍सप्रेस (11754/53/55/56) का स्‍टॉपेज प्रारंभ किया जाना जनहित की दृष्टि से आवश्‍यक है। सांसद श्री दुबे ने रेल मंत्री को आगे बताया कि पश्चिम मध्‍य रेल्‍वे के सिहोरा विधानसभा क्षेत्र सहित मझौली, ढ़ीमरखेड़ा, बहोरीबंद तहसील के लिए सिहोरा रोड एकमात्र सुलभ रेल्‍वे स्‍टेशन है जो तीन विधानसभा क्षेत्रों और चार विकासखंड के नागरिकों की रेल यात्रा, विद्यार्थियों के लिए शिक्षा हेतु प्रतिदिन आवागमन करने के लिए जबलपुर और कटनी जाने का एकमात्र पहुंच वाला रेल्‍वे स्‍टेशन है। मरीजों के लिए भी इन ट्रेनों का स्‍टॉपेज प्रारंभ होने से सुविधा में वृद्धि होगी। सांसद से हुई चर्चा के पश्‍चात रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्‍णव ने आश्‍वस्‍त किया कि शीघ्र ही इस संबंध में अनुकूल कदम उठाए जायेंगे। सांसद आशीष दुबे के इस प्रयासों से सिहोरा अप-डाऊनर्स संघ के अध्यक्ष चेतराम विश्वकर्मा, सचिव निशांत विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष मानस तिवारी, सह सचिव प्रबुद्ध पाठक, कोषाध्यक्ष अमित बक्सी, मीडिया प्रमुख ऋषभ द्विवेदी, दीपक साहू सहित सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया है।

RELATED POSTS

View all

view all