विद्युत विभाग के अधिकारियों ने की पनागर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

0

जबलपुर/सिहोरा जनमत……उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज मंगलवार को पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर रीजन के मुख्य अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता ने पनागर शहर एवं ग्रामीण वितरण केंद्र तथा गोसलपुर वितरण केंद्र अंतर्गत विद्युत व्यवस्थाओं की सघन समीक्षा एवं निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, फीडरों की स्थिति, लाइन लॉस एवं मेंटेनेंस कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

       पनागर शहर फीडर का होगा विभाजन :-

शहर क्षेत्र में ट्रिपिंग एवं ओवरलोड की समस्या को कम करने हेतु पनागर शहर फीडर को विभाजित करने के तथा विद्युत भार को कम करने के लिए अतिरिक्त फीडर स्थापित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

गोसलपुर हेतु अतिरिक्त फीडर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश :-

वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आर डीएसएस योजना के अंतर्गत गोसलपुर क्षेत्र के लिए प्रस्तावित अतिरिक्त फीडर के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

              33 केवी फीडरों का संयुक्त सर्वे होगा :

132 केवी रिमझा उपकेंद्र से निकलने वाले 33 केवी पनागर, कटंगी एवं ई-चार्जिंग फीडरों की विद्युत व्यवस्था सुधारने हेतु शहरी एवं ग्रामीण टीम द्वारा संयुक्त सर्वे कर तकनीकी समस्याओं को स्थाई रूप से दूर किया जाएगा।

अत्यधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों का निरीक्षण :

जिन फीडरों में लाइन लॉस अधिक पाया गया, वहां वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण कर तत्काल मेंटेनेंस एवं फॉल्ट सुधार कार्य करने के निर्देश दिए गए।

            सबस्टेशनों की साफ-सफाई पर जताई नाराजगी :-

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सबस्टेशन परिसरों की नियमित साफ-सफाई एवं बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना है। सभी सुधार कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएंगे ताकि क्षेत्र की जनता को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सके।

इस दौरान कार्यपालन अभियंता जबलपुर एवं सिहोरा, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता  सहित संबंधित वितरण केंद्रों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *