सिहोरा में सनसनीखेज वारदात: मां की हत्या करने वाला फरार आरोपी बेटा गिरफ्तार

0


सिहोरा (जबलपुर) – सिहोरा थाना क्षेत्र में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना में पुलिस ने मां की हत्या के आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को वार्ड नंबर 07 गढ़िया मोहल्ला निवासी दशरथ कोल (35 वर्ष) ने पुलिस को सूचना दी कि उसके छोटे भाई करन कोल (25 वर्ष) ने उनकी मां गिराना बाई (64 वर्ष) की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही सिहोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंहारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विनोद बागरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना की रात करन कोल का अपनी पत्नी से विवाद हो रहा था। विवाद की आवाज सुनकर मां बीच-बचाव करने आईं, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वह पंखे के स्टैंड से लगातार वार करता रहा, जिससे मां गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मृत्यु हो गई। घटना के समय बड़ा भाई और भाभी मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी फरार हो गया।
पुलिस टीम ने लगातार तलाश करते हुए आरोपी को मझौली ब्रिज सर्विस रोड के पास से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कपड़े और वारदात में इस्तेमाल पंखे का स्टैंड भी जब्त कर लिया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
                     इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरे मामले का खुलासा करने में उप निरीक्षक विनोद बागरी, एल.एल. रजक, प्रधान आरक्षक समर सिंह, वरिष्ठ आरक्षक नीरज चौरसिया, आरक्षक देवराज पटैल, संदीप पाण्डे, राजेश यादव, गोकुल बागरी और सोमदीप पटैल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *