सिहोरा में अवैध प्लाटिंग का जाल, प्रशासन मौन – आम जनता परेशान

0

जबलपुर/सिहोरा…… शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों अवैध प्लाटिंग का कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। बिना किसी वैधानिक अनुमति और नियमों का पालन किए भू-माफिया खुलेआम कृषि भूमि को छोटे-छोटे प्लॉट में काटकर बेच रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे खेल पर जिम्मेदार विभागों की नजर होते हुए भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, सिहोरा के बाहरी इलाकों में कई जगहों पर खेती योग्य जमीन को बिना डायवर्जन कराए ही प्लॉटिंग कर बेचा जा रहा है। न तो इन कॉलोनियों में सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था है, फिर भी लोगों को सस्ते दाम का लालच देकर प्लॉट बेचे जा रहे हैं। इससे खरीदारों को भविष्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे भू-माफियाओं के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। वहीं, नगर एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बिना अनुमति प्लाटिंग पूरी तरह अवैध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोगों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले समय में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक संज्ञान लेता है और अवैध प्लाटिंग के इस खेल पर कब लगाम लगती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *