वीडियो बनाने से मना करने पर युवक का अपहरण कर मारपीट,

0

                  जबरन छीने पैसे – 6 आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर/सिहोरा………. वीडियो बनाने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोपियों ने युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की और जबरन पैसे भी छीन लिए। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग भी घटना में शामिल पाया गया है।
थाना प्रभारी खितौला श्री रमन सिंह मरकाम के अनुसार, नया मोहल्ला सिहोरा निवासी 23 वर्षीय सोहेल रंगरेज ने शिकायत दर्ज कराई कि वह 3 जून की रात लगभग 11 बजे बस स्टैंड खितौला में अपना लोडिंग ऑटो खड़ा करने गया था। वहां उसके दोस्त अमन कोरी अपनी बहन के साथ मौजूद थे। इसी दौरान कुछ युवक मोटरसाइकिल से आए और वीडियो बनाने लगे। मना करने पर विवाद शुरू हो गया।
कुछ देर बाद आरोपी फिर से अपने साथियों के साथ लौटे और गाली-गलौज करते हुए सोहेल के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन मोटरसाइकिल में बैठाकर पहले स्टेडियम और फिर कृषि उपज मंडी खितौला ले जाया गया, जहां उसके साथ बेल्ट और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। आरोपियों ने चाकू दिखाकर डराया और मारपीट का वीडियो भी बनाया।
आरोपियों ने सोहेल से 2,600 रुपये नगद छीन लिए और छोड़ने के बदले 10,000 रुपये की मांग की। जान से मारने की धमकी के चलते पीड़ित ने अपने परिवार से संपर्क किया, जिसके बाद उसके भाई ने 6,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। मौका मिलते ही पीड़ित वहां से भाग निकला।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 164/2026 के तहत धारा 140(2), 310(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजीत कोल, दीपक कोल, विक्की उर्फ विकास कोल, ओम कोल, आशू कुमार और संजू कोल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से 2,600 रुपये नगद, 4 मोबाइल फोन, 2 मोटरसाइकिल, एक चाकू और एक बेल्ट जब्त की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम सहित प्रधान आरक्षक ओम प्रकाश दुबे, आरक्षक जितेंद्र, चंदन, मयंक, परम, राजेश और राकेश मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *