अवैध शराब और रेत खनन पर सख्ती की मांग, भाजपा मंडल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सिहोरा……. मझगवां क्षेत्र में बढ़ती अवैध गतिविधियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी मंडल मझगवां के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। मंडल अध्यक्ष अभिषेक पवन गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर जबलपुर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और अवैध रेत खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि मझगवां क्षेत्र के अंतर्गत कई गांवों में अवैध रूप से शराब की बिक्री तेजी से बढ़ रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में नशाखोरी का प्रचलन बढ़ता जा रहा है। इसके कारण पारिवारिक विवाद, सामाजिक असंतुलन और कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध खनन पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि लगातार हो रहे अवैध खनन से नदी-नालों का जलस्तर प्रभावित हो रहा है और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
मंडल अध्यक्ष पवन गुप्ता ने प्रशासन से मांग की है कि इन दोनों गंभीर समस्याओं पर शीघ्र और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
ज्ञापन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।

