जबलपुर सहित 31 जिलों में धान उपार्जन की अवधि तीन दिन बढ़ी
December 28, 2024 | by janmatnews.co.in
23 जनवरी तक होगा समर्थन मूल्य पर धान का उपार्जन.
जबलपुर…राज्य शासन ने बारिश की वजह से जबलपुर सहित प्रदेश के 31 जिलों में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की अवधि तीन बढ़ा दी है। इन जिलों के ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से अब 23 जनवरी तक धान का उपार्जन किया जायेगा। इस बारे में शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता सरंक्षण विभाग द्वारा निर्देश जारी कर दिये गये हैं। इसके पहले धान उपार्जन की अंतिम तारीख 20 जनवरी तय की गई थी।
शासन द्वारा प्रदेश के जिन जिलों में धान उपार्जन की अवधि तीन दिन बढाने का निर्णय लिया गया है, उनमें जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मण्डला, डिण्डौरी, बालाघाट, सिवनी, छिन्दवाड़ा, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, रायसेन, सीहोर, विदिशा, भोपाल, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, भिण्ड, सागर, दमोह एवं पन्ना जिला शामिल है।
ज्ञात हो कि शासन द्वारा बारिश को देखते हुये इन जिलों में अभी तक उपार्जित की गई धान के सुरक्षित भंडारण के मद्देनजर 30 और 31 दिसम्बर तथा 1 जनवरी को धान की खरीदी को स्थगित कर दिया गया है। शासन द्वारा इन तीन दिनों के लिये किसानों द्वारा बुक किये गये स्लॉट की वैधता अवधि भी पाँच दिनों के लिये बढ़ाई गई है। इन जिलों के किसान अब 2 जनवरी से उपार्जन केंद्रों पर धान का विक्रय कर सकेंगे।
RELATED POSTS
View all