मोहतरा टोल प्लाज़ा पर  वाहन चालकों को फर्स्ट-एड किट वितरित

January 17, 2026 | by janmatnews.co.in

सिहोरा…एनएचएआई के निर्देशानुसार 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत आज मोहतरा टोल प्लाज़ा पर एनएचआईटी द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान ट्रक, बस एवं कार चालकों को सड़क दुर्घटना अथवा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक उपचार (फर्स्ट-एड) किट का वितरण किया गया साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के महत्व एवं उनके सख्त पालन के लिए प्रेरित किया गया।
चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं, जिनमें निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की अवस्था में वाहन न चलाना, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, सुरक्षित दूरी बनाए रखना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना तथा वाहन की फिटनेस सुनिश्चित करना शामिल रहा।
इसके अतिरिक्त आपातकालीन परिस्थितियों में सही प्रतिक्रिया, फर्स्ट-एड किट के उचित उपयोग, टोल प्लाज़ा क्षेत्र में पैदल यात्रियों की सुरक्षा, लेन अनुशासन एवं सुरक्षित ओवरटेकिंग जैसे विषयों पर विशेष रूप से जोर दिया गया। चालकों से सतर्क, धैर्यवान एवं जिम्मेदार होकर वाहन चलाने की अपील की गई, जिससे स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक (PD) श्री अमृत लाल साहू द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने एनएचआईटी एवं टोल प्लाज़ा टीम द्वारा किए जा रहे जागरूकता प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में एनएचआईटी के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री क्रांति कुमार, टोल मैनेजर श्री पृथ्वी राठी, एचआर मैनेजर श्री संजय मिश्रा, सेफ्टी मैनेजर श्री लोकेंद्र शर्मा सहित समस्त टोल प्लाज़ा स्टाफ एवं कॉरिडोर स्टाफ उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

RELATED POSTS

View all

view all