दो कृषि उद्यमियों को इफको ने दिये ड्रोन और इलेक्ट्रिक व्हीकलफसल पर उर्वरक और कीटनाशक के छिड़काव में होगा इस्तेमाल

April 26, 2024 | by janmatnews.co.in


जबलपुर…इफको द्वारा जिले के दो युवा कृषि उद्यमियों नीलेश पटेल एवं हरिकृष्ण लोधी को एक-एक ड्रोन एवं एक-एक इलेक्ट्रिक व्हीकल उपलब्ध कराया गया है। ड्रोन और इलेक्ट्रिक व्हीकल का इस्तेमाल फसलों पर उर्वरक और कीटनाशकों के छिड़काव के लिये किया जायेगा। निर्धारित शुल्क चुकाकर किसान इनका इस्तेमाल अपने खेतों में कर सकेंगे। ड्रोन एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल वितरण के दौरान उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास रवि आम्रवंशी, सहायक संचालक अमित पांडे एवं इफको के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार मिश्रा भी मौजूद थे।
दोनों कृषि उद्यमियों को ड्रोन के साथ 25 हजार एमएएच बैटरी सेट, फ्लैट जेट का एक सेट, ड्रोन बॉक्स के साथ सेंट्रीफ्यूगल नोजल का एक सेट, डीसीएस रिमोट, एक बैटरी चार्जर और दो फास्ट चार्जिंग हब तथा मैनुअल एवं लॉग के साथ एनीमोमीटर और पीएच मीटर के साथ टूल बॉक्स भी प्रदान किये गये हैं । इनके अलावा 25 हजार एमएएच के तीन अतिरिक्त बैटरी सेट, एक अतिरिक्त डुअल चैनल फास्ट बैटरी चार्जर, छह पोर्ट के साथ एक अतिरिक्त बैटरी चार्जर हब, एक अतिरिक्त प्रोपेलर प्रति सेट भी दिया गया है।
इफको द्वारा युवा कृषि उद्यमियों को दिये गये ड्रोन, इलेक्ट्रिक व्हीकल के प्रत्येक सेट की कीमत 14 से 15 लाख बताई गई है। इसमें करीब 8 लाख का ड्रोन, लगभग 5 लाख का इलेक्ट्रिक व्हीकल और 2 लाख रुपये के अन्य उपकरण शामिल हैं । कृषि में ड्रोन तकनीकी के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने उद्देश्य से दोनों कृषि उद्यमियों को ये निःशुल्क उपलब्ध कराए गये हैं।
उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्री आम्रवंशी ने बताया कि ड्रोन द्वारा नैनो यूरिया एवं डीएपी का अपने खेत में छिड़काव करने हेतु कृषकों को 300 रुपये प्रति एकड़ शुल्क देना होगा। छिड़काव के लिये नैनो यूरिया एवं डीएपी कृषक को स्वयं क्रय कर उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने बताया कि किसान गूगल प्ले स्टोर से “इफको किसान उदय” एप डाउनलोड कर सकते हैं। इस मोबाइल एप के माध्यम से किसानों को उनके क्षेत्र के पास उपलब्धता के आधार पर ड्रोन छिड़काव हेतु उपलब्ध कराया जायेगा। इस एप के माध्यम से नैनो उर्वरकों के छिड़काव हेतु ड्रोन तकनीकि का उपयोग कर किसान समय, श्रम, पानी एवं लागत में कमी कर उत्पादन बढ़ाकर लाभान्वित होंगे। साथ ही मौसम का पूर्वानुमान लगाने में भी ड्रोन तकनीकि सक्षम है।

RELATED POSTS

View all

view all