बारिश ने बदलीं व्यवस्थाएँ, कॉरिडोर तक होगा वॉटरप्रूफ

December 2, 2023 | by janmatnews.co.in

1500x900_864898-whatsapp-image-2023-12-01-at-24312-pm

रविवार को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में होने वाली मतगणना में बारिश को देखते हुए कई व्यवस्थाओं में बदलाव किया जा रहा है। वोटों की गिनती तो कक्षों में होगी, लेकिन एक इमारत से दूसरी इमारत तक ईवीएम को ले जाने वाला कॉरिडोर खुला है, इसलिए अब उसे भी वॉटरप्रूफ किया जा रहा है। वहीं स्टेज, एलईडी प्लेस और मीडिया सेंटर को भी वॉटरप्रूफ किए जाने की तैयारी है। हालांकि शुक्रवार से मौसम के खुलने की संभावना है और ऐसा हुआ तो ठंड जोरदार हमला करेगी। ऐसे में ग्रीनरी से भरपूर एग्रीकल्चर विवि में कर्मचारी परेशान हो सकते हैं।

17 नवम्बर को जिले की 8 सीटों के लिए हुए मतदान की मतगणना 3 दिसम्बर को होनी है। इस बार मतगणना स्थल एलएलबी स्कूल न होकर जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय को बनाया गया है। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते मतगणना स्थल की कुछ व्यवस्थाओं को बदलने की तैयारी की जा रही है। विश्वविद्यालय की जिस नई इमारत में 4 विधानसभाओं की मतगणना होगी, उसके ठीक बाहर पंडाल लगाया जा रहा है, जहाँ स्टेज होगा और मीडिया सेंटर भी बन रहा है। इसे पूरी तरह वॉटरप्रूफ किया जा रहा है। यहीं से ईवीएम को लेकर कर्मचारी दूसरी इमारत तक जाएँगे और यदि बारिश आगे भी जारी रहती है तो परेशानी होगी, इसलिए इस संबंध में भी विचार किया जा रहा है।

रात में पड़ती है भीषण ठंड

स्ट्राॅन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों का कहना है कि रात में पूरे परिसर में भीषण ठंड पड़ती है। बिना अलाव जलाए यहाँ रात काटनी मुश्किल हो जाती है। बादल छँटते ही जोरदार ठंड पड़ेगी, ऐसे में कर्मचारियों को पूरी तैयारी के साथ वहाँ पहुँचना होगा।

RELATED POSTS

View all

view all