नौतपा की भीषण गर्मी में शरबत वितरण से मिली राहत, लोगों ने जताया आभार
मोहतारा टोल प्लाजा बना राहगीरों के लिए जीवन रक्षक स्थल

सिहोरा… भीषण गर्मी और नौतपा की शुरुआत के साथ जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं मोहतारा टोल प्लाजा आम राहगीरों के लिए राहत का केंद्र बन गया है। 25 मई से टोल प्लाजा पर गुजरने वाले सभी सड़क उपयोगकर्ताओं, वाहन चालकों, यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए लगातार ठंडा मीठा पानी (शरबत) वितरित किया जा रहा है।

इस सेवा कार्य से आम जनता में खासा उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। तेज धूप और लू के बीच यह पहल लोगों के लिए किसी जीवन रक्षक से कम नहीं रही। राहगीरों ने रुककर शरबत पिया और इस सराहनीय कार्य के लिए टोल प्लाजा प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में प्लाजा मैनेजर पृथ्वी राठी, जितेन्द्र सिंह राजपूत सहित टोल प्लाजा के समस्त स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर हर्ष और उल्लास के साथ लोगों को ठंडा मीठा पानी पिलाया और मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल न केवल गर्मी से राहत देती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती है।
