द्वारका नगर में श्रीमद्भागवत कथा का भक्तिमय माहौल

0

जबलपुर/सिहोरा…..द्वारका नगर स्थित श्री शिव दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्री शिव दुर्गा मंदिर महिला मंडल के तत्वावधान में हो रहे इस धार्मिक आयोजन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही, वहीं शाम होते-होते पूरा पंडाल भक्ति रस में डूब गया।
कथाव्यास पं. महेन्द्र दुबे (पनागर) ने श्रीमद्भागवत महापुराण के दिव्य प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने वर्तमान समय में ऐसे आयोजनों को समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला सशक्त माध्यम बताया।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्तों पर उनकी कृपा एवं धर्म स्थापना से जुड़े प्रसंगों का मार्मिक वर्णन किया गया। श्रद्धालु कथा श्रवण के दौरान पूरी तरह भक्तिरस में डूबे नजर आए और पंडाल में “राधे-राधे” व “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष गूंजते रहे।
कथाव्यास ने बताया कि कलियुग में भगवान के नाम का स्मरण और भागवत कथा का श्रवण व्यक्ति को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति की ओर अग्रसर करता है। कथा के बीच प्रस्तुत भजन एवं संकीर्तन ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
यह आयोजन परम पूज्य कूड़ा वाले दद्दा जी के आशीर्वाद से संपन्न हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालु सहभागिता कर रहे हैं।
आयोजन समिति की सदस्य सुधा मिश्रा, किरण विश्वकर्मा, वर्षा झा, शालू शर्मा, रमला जी, शोभा झा, गीता कटारिया, प्रमिला उपाध्याय, मालती भार्गव, ज्योति, रमेश चन्द्र झा एवं राजेश झा सहित अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
महिला मंडल ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे आगामी दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का श्रवण करें। सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन 9 जून 2026 को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *