चना और मसूर खरीदी के लिये पंजीयन की अंतिम तिथि 16 मार्च
कटनी…… रबी वर्ष 2025-26 (विपणन वर्ष 2026-27) में समर्थन मूल्य के तहत ई-उपार्जन पोर्टल पर चना एवं मसूर के पंजीयन की अंतिम तिथि 16 मार्च है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में गेहूँ पंजीयन के लिए निर्धारित 55 पंजीयन केन्द्रों में ही चना एवं मसूर के उपार्जन हेतु भी पंजीयन किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी किसानों से निर्धारित समय में अपना पंजीयन कराने की अपील की है।
इस वर्ष चेहरे से होगा किसान का सत्यापन
चना एवं मसूर के पंजीयन के दौरान इस वर्ष खरीदी केन्द्रों द्वारा उपज खरीदने से पहले कृषकों की वास्तविक पहचान के लिए आधार का सत्यापन सक्षम पी.ओ.एस. मशीन या मोबाईल ऐप के माध्यम से चेहरे का प्रमाणीकरण कर वास्तविक किसान का सत्यापन किया जावेगा, क्योकि विगत वर्षों की भांति ओ.टी.पी मान्य नहीं होगा।
किसान की अनुपस्थिति में 3 लोग हो सकेंगे अधिकृत
यदि कृषक खरीदी केन्द्र पर स्वयं उपस्थित न हो पाये तो अपनी फसल के विक्रय हेतु पंजीयन के समय 3 अधिकृत व्यक्तियों का नाम और आधार नंबर दे सकता है। जिनके द्वारा पंजीकृत किसान की फसल खरीदी केन्द्र पर लाई जा कर विक्रय किया जा सकेगा। कृषक द्वारा अधिकृत किये गये व्यक्तियों का भी आधार-सक्षम पी.ओ.एस. मशीन या मोबाईल ऐप के माध्यम से चेहरे का प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा। कोई भी व्यक्ति अधिकतम तीन कृषकों के अधिकृत व्यक्ति के तौर पर काम कर सकता है तथा उपज का भुगतान पंजीकृत कृषक के बैंक खाते में किया जाएगा।
