नहरों की साफ-सफाई और रखरखाव पर दें विशेष ध्यान

0

आम जनता से जुड़े मुद्दों के निराकरण को दें प्राथमिकता

समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

जबलपुर……कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बरगी बाँध की नहरों की साफ-सफाई एवं रखरखाव की ओर विशेष ध्यान देने के निर्देश नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को दिये हैं ताकि आखिरी छोर तक खेतों की सिंचाई के लिये बिना रुकावट के पानी पहुँच सके। आज सोमवार को समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुये कलेक्टर श्री सिंह ने नहरों के रखरखाव की जरूरतों को ध्यान में रखते हुये बरगी बाँध की दाईं और बाईं तट नहर के अधिकारियों की जल्दी ही बैठक बुलाने के निर्देश भी नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को दिये।

कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड, जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत एवं सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर ने आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों के निराकरण को प्राथमिकता देने की हिदायत अधिकारियों को दी। उन्होंने समय सीमा प्रकरणों के साथ ही सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों  तथा संकल्प से समाधान अभियान के तहत राज्य एवं केंद्र शासन की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से संबंधित नागरिकों से प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण की विभागवार समीक्षा भी की।

श्री सिंह ने बैठक में नहर किनारे खनन कारोबारियों द्वारा अवैध सड़क बनाकर भारी वाहनों से खनिज का परिवहन करने की मिल रही शिकायतों की भी जांच करने के निर्देश नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध मार्गो को बंद कराया जाए और प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाये। 

कलेक्टर ने स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और शासकीय कार्यालयों की पानी की टँकीयों की नियमित साफ-सफाई पर  जोर दिया। उन्होंने कहा कि टँकीयों कि सफाई का कार्य शीघ्र पूरा कर इसकी रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय को दी जाये। कलेक्टर ने जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे पानी के बॉटलिंग प्लांट की जांच करने तथा बिना विधिवत अनुमित के संचालित पाये जाने पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।  

बैठक में निजी क्लीनिक और पैथालॉजी सेंटर्स से निकल रहे दूषित पानी को नालों में बहाए जाने की शिकायत, उठाव केंद्रों से राशन दुकानों पर कम मात्रा में खाद्यान्न पहुंचने की शिकायत तथा वर्धाघाट में परियट नदी के नो कंस्ट्रक्शन जोन में अवैध निर्माण की शिकायत की जांच करने के निर्देश भी दिये गये। बाईपास मार्गो की सर्विस रोड से अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही करने कहा गया।

इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत कुंडम में नल कनेक्शन के नाम पर वसूली गई अधिक राशि ग्रामीणों को वापस कराने, एयरपोर्ट से शहर और शहर से एयरपोर्ट तक जबलपुर सिटी ट्रांसपोर्ट कम्पनी लिमिटेड द्वारा संचालित एयरपोर्ट शटल के विमान सेवाओं के शेड्यूल के मुताबिक फेरे बढाने, गेहूँ उपार्जन के लिये किसानों के पंजीयन की शुरू हुई प्रक्रिया के मद्देनजर फसलों की गिरदावरी के कार्य में गति लाने निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को बैठक में दिये गये।

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का आवेदक की संतुष्टि के साथ ही निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये तथा पचास दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता देने की हिदायत दी। उन्होंने एसआईआर के तहत नोटिसों की सुनवाई तथा प्रारूप मतदाता सूची पर प्राप्त दावे आपत्तियों के निराकरण की स्थिति का ब्यौरा भी बैठक में लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *