जिले के विभिन्न विकासखंडों में 19 से 27 फरवरी तक लगेंगे रोजगार मेले

0


जबलपुर…….मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला पंचायत जबलपुर द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के सभी विकासखंडों में ‘रोजगार मेलों’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक गहलोत ने बताया कि इन मेलों के माध्यम से विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, सेल्स ऑफिसर, बीमा एजेंट और मशीन ऑपरेटर के पदों पर चयन किया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, रोजगार मेलों का शुभारंभ 19 फरवरी को जनपद पंचायत मझौली से होगा। इसके पश्चात 20 फरवरी को जनपद पंचायत कुंडेश्वर धाम, 23 फरवरी को शासकीय कॉलेज बरगी, 24 फरवरी को जनपद पंचायत पनागर, 25 फरवरी को जनपद पंचायत पाटन, 26 फरवरी को जनपद पंचायत सिहोरा और 27 फरवरी को जनपद पंचायत शाहपुरा में मेलों का आयोजन किया जाएगा।
सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि इन रोजगार मेलों में सम्मिलित होने के लिए आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 5वीं उत्तीर्ण अथवा उससे अधिक पढ़े हुए इच्छुक युवक-युवतियां निर्धारित तिथियों और स्थानों पर अपने समस्त मूल दस्तावेजों एवं छायाप्रति के साथ अपनी उपस्थिति‍ सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *