हरसिंघी में शराब दुकान खोलने का विरोध तेज, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

0

सिहोरा…..ग्राम पंचायत हरसिंघी में प्रस्तावित नई शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव के लोगों ने एकजुट होकर आबकारी विभाग सिहोरा को ज्ञापन सौंपते हुए दुकान न खोले जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगों की अनदेखी होने पर वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
जानकारी के अनुसार, हरसिंघी ग्राम पंचायत में नई शराब दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है, जबकि गांव से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर पहले से ही एक शराब दुकान संचालित है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले से दुकान होने के बावजूद दूसरी दुकान खोलना अनावश्यक है और इससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि प्रस्तावित दुकान का स्थान स्कूल जाने वाले बच्चों के मुख्य मार्ग पर है। बच्चे प्रतिदिन इसी रास्ते से पैदल और साइकिल से स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे में यहां शराब दुकान खुलने से बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने के साथ उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अधिकांश लोग इस निर्णय के विरोध में हैं और वे अपने क्षेत्र में एक और शराब दुकान नहीं चाहते। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित दुकान को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन पर सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर दर्ज हैं, जो विरोध को व्यापक जनसमर्थन मिलने का संकेत देते हैं।
               ज्ञापन सौंपने में ये रहे शामिल:
इस दौरान सरपंच रश्मि अरविंद पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से अरुण पटेल, संदीप पटेल, सुरेंद्र पटेल, सोनू पटेल, संतोष पटेल, राम सिंह ठाकुर, लल्लू बर्मन, तुलसी राम पटेल, सुनील पटेल, करिया यादव, मन्नू बर्मन, अरविंद पटेल, चंद्रशेखर पटेल, सीमाबाई, कालूबाई, जयंती बाई, शारदा पटेल, कमला पटेल, उषा सेन, कमलेश, सुगंधा बाई, सावित्री, मनीष सेन, रानी पटेल, वंदना पटेल, सुमन चौधरी सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *